कोलंबिया में भीषण विमान हादसा : टेकऑफ के दौरान सेना का हरक्यूलिस क्रैश, 66 जवानों की मौत

पोर्टो लेगुइजामो: कोलंबिया के दक्षिणी अमेजन क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहाँ सेना का एक लॉकहीड मार्टिन C-130 हरक्यूलिस विमान टेकऑफ के तुरंत बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस दर्दनाक हादसे में अब तक 66 जांबाज सैनिकों की जान जा चुकी है, जबकि 48 अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। मलबे से जवानों को निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन युद्ध स्तर पर जारी है।

पेरू सीमा के पास हुआ हादसा

रक्षा मंत्रालय के अनुसार, विमान 125 सैनिकों को लेकर पोर्टो लेगुइजामो से उड़ान भर रहा था। यह इलाका पेरू की सीमा के पास स्थित है। चश्मदीदों के मुताबिक, हादसे के बाद आसमान में धुएं का काला गुबार देखा गया और विमान शहर से महज 3 किलोमीटर की दूरी पर जा गिरा। स्थानीय प्रशासन के सचिव कार्लोस क्लारोस ने बताया कि अब तक 20 घायल सैनिकों को सुरक्षित निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया है, जिनमें से कई की हालत नाजुक बनी हुई है।

राष्ट्रपति ने जताया दुख, अधिकारियों पर गिरेगी गाज

हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए राष्ट्रपति गुस्तावो पेट्रो ने सेना के पुराने बेड़े और आधुनिकीकरण में हो रही देरी पर कड़ी नाराजगी जताई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सेना के बेड़े को अपडेट करने में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। राष्ट्रपति ने कहा कि अब जवानों की सुरक्षा के साथ और समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

60 साल पुराने थे विमान!

हैरानी की बात यह है कि दुर्घटनाग्रस्त C-130 हरक्यूलिस विमान 1950 के दशक की तकनीक पर आधारित हैं। कोलंबिया ने इन्हें 1960 के दशक में खरीदा था और बाद में अमेरिकी उपकरणों से इन्हें अपग्रेड किया गया था। हाल ही में बोलिविया में भी इसी तरह का एक विमान हादसा हुआ था, जिसमें 20 से ज्यादा लोगों की जान गई थी। फिलहाल हादसे की सही वजहों का पता लगाने के लिए जांच टीम गठित कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *