रायगढ़। जिले के तमनार थाना क्षेत्र के आमाघाट में अवैध अफीम की खेती के मामले में रायगढ़ पुलिस ने झारखंड में दबिश देकर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। इस मामले में मुख्य आरोपी को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि एक अन्य आरोपी अब भी फरार है।
जानकारी के अनुसार, आमाघाट के खर्राघाट भैर नाला किनारे स्थित भूमि पर अवैध रूप से अफीम की खेती की जा रही थी। सूचना मिलने पर पुलिस ने एएनटीएफ टीम के साथ मौके पर कार्रवाई की, जहां 60 हजार 326 अफीम के पौधे बरामद किए गए, जिनका कुल वजन 2877 किलोग्राम था।
जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी मार्शल संगा अपने साथियों एमानुएल भेंगरा और सीप्रियन भेंगरा के साथ मिलकर इस अवैध खेती को अंजाम दे रहा था। मामले में तमनार थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया गया था। मुख्य आरोपी को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर साइबर और तमनार पुलिस की विशेष टीमें गठित की गई थीं। टीमों ने ओडिशा और झारखंड में लगातार दबिश दी।
पुलिस टीम आरोपी के झारखंड स्थित गृहग्राम तक पहुंची, जहां आरोपियों को भनक लगने पर वे पहाड़ी क्षेत्र में छिप गए। स्थानीय पुलिस के सहयोग से चलाए गए सर्च ऑपरेशन के दौरान जंगल में भाग रहे आरोपी एमानुएल भेंगरा को पकड़ लिया गया। रायगढ़ लाकर पूछताछ में उसने अपराध स्वीकार कर लिया।
वहीं, दूसरे आरोपी सीप्रियन भेंगरा की तलाश जारी है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
एसएसपी ने बताया कि ऑपरेशन आघात के तहत मादक पदार्थों की अवैध खेती और तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे अपराधों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
