संसद में राघव चड्ढा ने उठाई मोबाइल डेटा रोलओवर की मांग, कहा- बचा हुआ डेटा अगले दिन हो कैरी फॉरवर्ड

नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने संसद में शून्य काल के दौरान मोबाइल उपभोक्ताओं से जुड़ा एक महत्वपूर्ण मुद्दा उठाया। उन्होंने मांग की कि टेलीकॉम कंपनियों को इस्तेमाल न हुए मोबाइल डेटा को अगले दिन के लिए जोड़ने यानी ‘डेटा रोलओवर’ की अनुमति देनी चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने एक यूजर से दूसरे यूजर को डेटा ट्रांसफर करने की सुविधा देने का भी सुझाव दिया।

सांसद राघव चड्ढा ने वर्तमान व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि मोबाइल प्लान के तहत उपभोक्ताओं को रोजाना निश्चित डेटा लिमिट मिलती है, लेकिन रात 12 बजते ही बचा हुआ डेटा एक्सपायर हो जाता है। उन्होंने तर्क दिया कि कंपनियां ग्राहकों से पूरे डेटा का पैसा लेती हैं, लेकिन अनयूज्ड डेटा को कैरी फॉरवर्ड न करके खुद बचा लेती हैं, जो उपभोक्ताओं के साथ न्याय नहीं है।

पेट्रोल का उदाहरण देकर समझाया हक

अपनी बात को स्पष्ट करने के लिए उन्होंने पेट्रोल का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति अपनी गाड़ी में 15 लीटर पेट्रोल भरवाता है और उसमें से 5 लीटर बच जाता है, तो पेट्रोल पंप मालिक उस बचे हुए पेट्रोल को वापस नहीं मांगता। ठीक उसी तरह, ग्राहकों को अपने खरीदे हुए डेटा को पूरी तरह इस्तेमाल करने का अधिकार होना चाहिए। उन्होंने मांग की कि एक दिन का बचा हुआ डेटा अगले दिन की लिमिट में जुड़ जाना चाहिए न कि उसे खत्म किया जाना चाहिए।

दुनिया के कई देशों में लागू है यह व्यवस्था

राघव चड्ढा ने सदन को बताया कि अमेरिका, यूरोप, नीदरलैंड और ऑस्ट्रेलिया जैसे कई देशों में डेटा रोलओवर की व्यवस्था पहले से ही लागू है। उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि भारत में भी इस मॉडल को अपनाया जाए। इसके अलावा उन्होंने यह भी मांग की कि जिस तरह लोग एक-दूसरे को डिजिटल माध्यम से पैसे भेजते हैं, उसी तरह मोबाइल डेटा ट्रांसफर करने की अनुमति भी दी जानी चाहिए ताकि डेटा की बर्बादी को रोका जा सके।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *