सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में वैवाहिक विज्ञापन ऐप के माध्यम से ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है। उत्तर प्रदेश के कानपुर निवासी एक युवक ने जीवन साथी ऐप के जरिए सक्ती की महिला को शादी का झांसा देकर लाखों रुपये ऐंठ लिए। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को कानपुर से गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सक्ती निवासी पीड़िता ने 9 मार्च को थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि कानपुर के गंगापुर कॉलोनी निवासी 33 वर्षीय अंकित तिवारी ने मैट्रिमोनी ऐप के माध्यम से उससे संपर्क किया था। आरोपी ने खुद को प्रतिष्ठित बताकर महिला को शादी का प्रस्ताव दिया और उसका विश्वास जीत लिया। इस दौरान आरोपी ने वीडियो कॉल के कुछ हिस्से और स्क्रीनशॉट चुपके से रिकॉर्ड कर लिए।
विश्वास में लेने के बाद आरोपी ने कभी नौकरी पर संकट तो कभी खराब स्वास्थ्य का बहाना बनाकर महिला से करीब 8 से 9 लाख रुपये की मांग की। ठगी का सिलसिला यहीं नहीं थमा, जब पीड़िता ने और पैसे देने में असमर्थता जताई तो आरोपी ने वीडियो कॉल की रिकॉर्डिंग और फोटो सार्वजनिक करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया।
धमकी और लगातार हो रही पैसों की मांग से परेशान होकर पीड़िता ने पुलिस की शरण ली। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने टीम गठित कर कानपुर भेजी और आरोपी अंकित तिवारी को उसके निवास से गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। सक्ती पुलिस इस मामले में आगे की कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने में जुटी है।