रायपुर: 6 अप्रैल से तेलीबांधा में शुरू होगा पासपोर्ट सेवा केंद्र, जानें नया पता और सुविधाएं

रायपुर। राजधानी रायपुर का पासपोर्ट सेवा केंद्र जल्द ही नए और आधुनिक परिसर में शिफ्ट होने जा रहा है। अब तक श्याम प्लाजा में संचालित हो रहा यह केंद्र अब तेलीबांधा स्थित वन हाई स्ट्रीट कॉम्प्लेक्स के दूसरे तल पर स्थानांतरित किया जाएगा। जगह की कमी और आवेदकों की बढ़ती संख्या को देखते हुए प्रशासन ने यह निर्णय लिया है।

क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी बीएस राणा ने जानकारी दी कि 6 अप्रैल से पासपोर्ट से जुड़ी सभी सेवाएं इसी नए कार्यालय से संचालित की जाएंगी। जिन आवेदकों ने इस तारीख के बाद के लिए ऑनलाइन अपॉइंटमेंट लिया है, उन्हें अब तेलीबांधा वाले नए पते पर पहुंचना होगा। साथ ही, पुराने लंबित आवेदनों की फाइलें भी अब इसी केंद्र पर देखी जाएंगी। नए परिसर में पार्किंग, बैठने की समुचित व्यवस्था और हाईटेक सिस्टम जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, जिससे रायपुर के अलावा भिलाई, बिलासपुर और महासमुंद से आने वाले लोगों को काफी सहूलियत होगी।

डीडी नगर कार्यालय के पते में कोई बदलाव नहीं

स्पष्ट किया गया है कि डीडी नगर स्थित मुख्य पासपोर्ट कार्यालय अपने पुराने पते से ही संचालित होता रहेगा। इस दफ्तर के स्थान या कार्यप्रणाली में कोई बदलाव नहीं किया गया है। बता दें कि पासपोर्ट सेवा केंद्र का तकनीकी संचालन टीसीएस कंपनी द्वारा किया जाता है। सभी जरूरी प्रक्रियाओं के पूरा होने के बाद, डीडी नगर स्थित कार्यालय से ही पासपोर्ट अधिकारी के हस्ताक्षर के साथ पासपोर्ट तैयार कर स्पीड पोस्ट के जरिए आवेदकों के घर भेजे जाते हैं।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *