रायपुर में एलपीजी सिलेंडर की बुकिंग में अचानक उछाल: पैनिक के कारण वेटिंग 1100 के पार, उपभोक्ताओं को करना पड़ रहा लंबा इंतजार

रायपुर। अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के प्रभाव के बीच राजधानी रायपुर में एलपीजी सिलेंडर को लेकर उपभोक्ताओं में पैनिक जैसी स्थिति निर्मित हो गई है। गैस एजेंसियों में अचानक बढ़ी बुकिंग के कारण सिलेंडर की वेटिंग लिस्ट 950 से बढ़कर 1100 के पार पहुंच गई है। इस अप्रत्याशित दबाव के चलते अब उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर प्राप्त करने के लिए लंबा इंतजार करना पड़ रहा है।

गैस एजेंसी संचालकों के अनुसार, बड़ी संख्या में उपभोक्ता भविष्य में किल्लत की आशंका के चलते एक साथ सिलेंडर बुक कर रहे हैं। स्थिति यह है कि कई ऐसे लोग भी दोबारा बुकिंग करा रहे हैं, जिनके घरों में पहले से भरे हुए सिलेंडर मौजूद हैं। मांग में आई इस अचानक तेजी की वजह से आपूर्ति व्यवस्था पर भारी दबाव बना है और वेटिंग लिस्ट तेजी से ऊपर चली गई है। एजेंसियों का स्पष्ट कहना है कि बाजार में गैस की कोई वास्तविक कमी नहीं है, बल्कि यह स्थिति केवल घबराहट और पैनिक बुकिंग के कारण पैदा हुई है।

इस बढ़ती मांग का सीधा असर होम डिलीवरी सिस्टम पर देखने को मिल रहा है। पूर्व में जहां बुकिंग के दो से तीन दिन के भीतर सिलेंडर घर पहुंच जाता था, वहीं अब इसके लिए पांच से सात दिन या उससे भी अधिक समय लग रहा है। डिलीवरी बॉय को तय समय पर सिलेंडर पहुंचाने में कठिनाई हो रही है, जिसके कारण उपभोक्ताओं को जानकारी लेने के लिए बार-बार गैस एजेंसियों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *