चाय न बनाने पर हैवान बना देवर, 8 साल के मासूम के सामने डंडों से पीट-पीटकर भाभी को उतारा मौत के घाट

रायसेन। मध्य प्रदेश के रायसेन जिले से रिश्तों को कलंकित करने वाली एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ सलामतपुर थाना क्षेत्र के खोहा गांव में महज चाय बनाने को लेकर हुए विवाद में एक देवर ने अपनी सगी भाभी की बेरहमी से हत्या कर दी। रोंगटे खड़े कर देने वाली इस घटना का सबसे दुखद पहलू यह है कि आरोपी ने इस खौफनाक कांड को अपने 8 साल के मासूम भतीजे की आँखों के सामने अंजाम दिया।

जानकारी के अनुसार, मृतका पूजा मालवीय (32 वर्ष) गुरुवार सुबह घर में खाना बना रही थी। इसी दौरान उसके देवर रामु मालवीय ने उससे चाय बनाने को कहा। पूजा ने किसी कारणवश मना कर दिया, जिससे रामु आपा खो बैठा। देखते ही देखते मामूली कहासुनी खूनी संघर्ष में बदल गई। आरोपी ने आव देखा न ताव और पास पड़ा डंडा उठाकर भाभी पर ताबड़तोड़ वार करने शुरू कर दिए। उस वक्त महिला का पति और अन्य परिजन खेत पर गए हुए थे।

मासूम की चीखों का भी नहीं हुआ असर हमले के दौरान पूजा का 8 साल का बेटा अपनी माँ को बचाने के लिए कातिल चाचा के पैरों से लिपटकर रोता-बिलखता रहा, लेकिन सनकी देवर पर खून सवार था। वह तब तक प्रहार करता रहा जब तक कि महिला की सांसें नहीं थम गईं। शोर सुनकर जब तक आस-पास के लोग पहुँचते, पूजा दम तोड़ चुकी थी।

घटना की सूचना मिलते ही सलामतपुर पुलिस मौके पर पहुँची और आरोपी देवर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सांची सिविल अस्पताल भेज दिया है। इस जघन्य हत्याकांड के बाद से पूरे गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है और पीड़ित परिवार सदमे में है। पुलिस अब इस बात की तफ्तीश कर रही है कि क्या इस विवाद के पीछे कोई पुरानी रंजिश भी थी या सिर्फ चाय की बात पर ही इतना बड़ा कांड हो गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *