राजू पुजारी मौत मामला: हजारों ग्रामीणों का उग्र प्रदर्शन, एक हफ्ते का अल्टीमेटम

बीजापुर । चेरपाल निवासी और प्राथमिक शाला पालनार में पदस्थ शिक्षक राजू पुजारी की संदिग्ध मौत को लेकर बुधवार को जिले में व्यापक आक्रोश देखने को मिला। तेलंगा समाज के नेतृत्व में निकाली गई रैली में सर्व आदिवासी समाज, महार, महारा और कलार समाज सहित विभिन्न समुदायों का समर्थन मिला, जिससे आंदोलन में करीब 5 हजार से अधिक ग्रामीण शामिल हुए।
मिनी स्टेडियम से शुरू हुई रैली शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए कलेक्ट्रेट पहुंची, जहां प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। इस दौरान न्याय की मांग को लेकर जमकर नारेबाजी की गई और प्रशासन के खिलाफ रोष व्यक्त किया गया।


प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि मामले में पुलिस की कार्यप्रणाली संदेह के घेरे में है। उनका कहना है कि जब्त सुसाइड नोट में तीन लोगों के नाम सामने आने के बावजूद अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई, जिससे जांच की निष्पक्षता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
समाज के प्रतिनिधियों ने मामले की न्यायिक जांच, जिला पुलिस अधीक्षक की निगरानी में निष्पक्ष कार्रवाई, दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी, पीड़ित परिवार को 50 लाख रुपये मुआवजा और एक सदस्य को शासकीय नौकरी देने की मांग की।


प्रशासन को एक सप्ताह का अल्टीमेटम देते हुए प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि तय समयसीमा में कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन को और उग्र रूप दिया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसी स्थिति में उत्पन्न होने वाली परिस्थितियों की जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
प्रदर्शन में तेलंगा समाज के अध्यक्ष आदिनारायण पुजारी, दिनेश पुजारी, सर्व आदिवासी समाज के कमलेश पैंकरा, महार समाज के अजय दुर्गम, कलार समाज के गौतम राव सहित विभिन्न समाजों के पदाधिकारी, पीड़ित परिवार और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *