आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की दुनिया में मचे घमासान के बीच टेक दिग्गज एलन मस्क ने एक चौंकाने वाला दावा किया है। दुनिया के सबसे अमीर शख्स मस्क ने भविष्यवाणी की है कि एआई की इस वैश्विक दौड़ में कौन सी कंपनी और कौन सा देश बाजी मारेगा। मस्क के मुताबिक, भविष्य में एआई का साम्राज्य तीन हिस्सों में बंटा होगा।
यह पूरा मामला तब शुरू हुआ जब अबेकस AI की सीईओ बिंदु रेड्डी ने गूगल के ‘जेमिनी 3.0’ मॉडल की परफॉर्मेंस पर निराशा जताई। रेड्डी के पोस्ट का जवाब देते हुए मस्क ने लिखा कि पश्चिमी देशों (West) में गूगल एआई की रेस जीतेगा, जबकि पूरी धरती पर चीन का दबदबा होगा। वहीं, अंतरिक्ष (Space) के क्षेत्र में मस्क ने अपनी कंपनी SpaceX को विजेता बताया है।
xAI को लेकर मस्क का बड़ा दावा अपनी एआई कंपनी ‘xAI’ और उसके चैटबॉट ‘ग्रोक’ (Grok) को लेकर भी मस्क काफी आत्मविश्वास में दिखे। हालांकि उन्होंने यह स्वीकार किया कि फिलहाल उनकी कंपनी प्रतिद्वंद्वियों से थोड़ी पीछे है, लेकिन उन्होंने दावा किया कि इस साल के अंत तक xAI सबको बराबर की टक्कर देगी। मस्क ने चुटकी लेते हुए कहा, “अगले तीन सालों में xAI बाकी कंपनियों से इतना आगे निकल जाएगी कि यह देखने के लिए कि दूसरे नंबर पर कौन है, लोगों को ‘जेम्स वेब टेलीस्कोप’ की जरूरत पड़ेगी।”
गूगल की रणनीतियों पर उठे सवाल बिंदु रेड्डी ने सुंदर पिचाई की कंपनी गूगल को सलाह दी थी कि उन्हें एआई मॉडल्स की ट्रेनिंग के लिए बड़े पैमाने पर प्रयोग करने चाहिए। मस्क की इस भविष्यवाणी ने टेक जगत में नई बहस छेड़ दी है, क्योंकि उन्होंने एक तरफ गूगल की ताकत को माना है तो दूसरी तरफ चीन की बढ़ती एआई शक्ति को लेकर दुनिया को आगाह भी किया है।