छत्तीसगढ़ में न्यायिक अधिकारियों के बड़े पैमाने पर तबादले: हाई कोर्ट ने जारी की जिला न्यायाधीशों और सिविल जजों की सूची

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस की अनुशंसा पर रजिस्ट्रार जनरल ने प्रदेश के विभिन्न न्यायिक अधिकारियों के स्थानांतरण आदेश जारी किए हैं। इस प्रशासनिक फेरबदल के अंतर्गत प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीशों सहित सिविल जज स्तर के अधिकारियों के प्रभार बदले गए हैं।

जारी सूची के अनुसार, जांजगीर-चांपा के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश शक्ति सिंह राजपूत का तबादला अंबिकापुर (सरगुजा) किया गया है। हाई कोर्ट के रजिस्ट्रार (न्यायिक) खिलावन राम रिगरी को कोंडागांव का प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश नियुक्त किया गया है। वहीं, जांजगीर परिवार न्यायालय की प्रधान न्यायाधीश संघरत्ना भटपहरी को कबीरधाम (कवर्धा) भेजा गया है।

कोरबा के विशेष न्यायाधीश (एसएससी-एसटी) जयदीप गर्ग को पदोन्नत कर जांजगीर-चांपा का प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश बनाया गया है। सुमित कपूर, एडिशनल रजिस्ट्रार (न्यायिक) हाई कोर्ट को रजिस्ट्रार (न्यायिक स्थापना) की जिम्मेदारी दी गई है। इसके अतिरिक्त, जगदलपुर के द्वितीय जिला एवं सत्र न्यायाधीश अमित कुमार कोहली और रायपुर के अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश दिग्विजय सिंह को छत्तीसगढ़ राज्य न्यायिक अकादमी बिलासपुर में एडिशनल डायरेक्टर के पद पर पदस्थ किया गया है।

अन्य महत्वपूर्ण बदलावों में रायपुर के अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश उमेश कुमार उपाध्याय को हाई कोर्ट का एडिशनल रजिस्ट्रार (न्यायिक) बनाया गया है। कवर्धा के परिवार न्यायाधीश लीलाधर सारथी अब कोरबा में विशेष न्यायाधीश (एससी-एसटी) के रूप में सेवाएं देंगे।

सिविल जज (जूनियर डिवीजन) स्तर पर भी व्यापक फेरबदल किया गया है। इसके तहत अंकिता अग्रवाल को भाटापारा से महासमुंद, दिव्या गोयल को सक्ती से जशपुर, शैलेश कुमार वशिष्ठ को बलरामपुर से दुर्ग और हरषी अग्रवाल को राजनांदगांव से जगदलपुर स्थानांतरित किया गया है। इसी क्रम में रायपुर से श्वेता ठाकुर, मिनी ठाकुर, रिद्धि बुरड़, ओम चौहान, सिद्धार्थ देवांगन, अंकिता देवदास और प्रगति गुर्दे का तबादला क्रमशः रायपुर से बाहर और अन्य जिलों से न्यायिक अधिकारियों का रायपुर आगमन हुआ है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *