Agra Road Accident : आगरा। उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में गुरुवार देर रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। थाना चित्राहाट क्षेत्र के अंतर्गत इटावा मार्ग पर श्रद्धालुओं से भरी एक तेज रफ्तार बोलेरो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे विशाल पेड़ से जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए और मौके पर ही एक मासूम बच्ची और महिला समेत एक ही परिवार के 5 लोगों ने दम तोड़ दिया।
हादसे का शिकार हुए सभी लोग राजस्थान के करौली स्थित कैला देवी मंदिर में दर्शन कर वापस अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही उनकी बोलेरो चित्राहाट के पई गांव के पास पहुंची, चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया। चीख-पुकार सुनकर दौड़े ग्रामीणों और पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद गाड़ी में फंसे शवों और घायलों को बाहर निकाला।
मृतकों की पहचान
इस हादसे ने हंसते-खेलते परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। मृतकों में शामिल हैं:
कांता प्रसाद (70 वर्ष)
देवेंद्र (35 वर्ष) – पुत्र कांता प्रसाद
सीमा (30 वर्ष) – पुत्रवधू
आराध्या (3 वर्ष) – पोती
ऋषि (20 वर्ष)
घायलों की स्थिति
हादसे में 4 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें सैफई मेडिकल कॉलेज (इटावा) रेफर किया गया है। पुलिस ने सभी पांचों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती अंदेशा तेज रफ्तार या चालक को झपकी आने का लगाया जा रहा है।