राजनांदगांव । थाना बसंतपुर क्षेत्र अंतर्गत चौखडियापारा में सूने मकान में हुई चोरी के मामले का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। संयुक्त कार्रवाई में सायबर थाना एवं बसंतपुर पुलिस की टीम ने आरोपियों के कब्जे से लाखों रुपये के सोने के आभूषण बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने सुनसान मकान का ताला तोड़कर अलमारी में रखे सोने के जेवर, मोबाइल एवं अन्य सामान चोरी कर लिया था। मामले में कुल 5 लाख 72 हजार 604 रुपये मूल्य के सोने के आभूषण बरामद किए गए हैं, जिनमें सोने का हार, झुमका और मंगलसूत्र शामिल है।

घटना का विवरण
प्रार्थी वतन सिंह राजपूत, निवासी नंदई चौक, ने थाना बसंतपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 4 मार्च 2026 को वह अपने घर में ताला लगाकर परिवार सहित बाहर गए हुए थे। इसी दौरान अज्ञात आरोपियों ने घर में घुसकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। शिकायत के आधार पर थाना बसंतपुर में अपराध क्रमांक 110/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई।
तकनीकी साक्ष्य से मिला सुराग
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन में नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन के पर्यवेक्षण में विशेष टीम गठित की गई। थाना प्रभारी एमन साहू एवं सायबर थाना प्रभारी विनय पम्मार के नेतृत्व में टीम ने तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपियों को हिरासत में लिया।
सख्ती से पूछताछ करने पर सभी आरोपियों ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली।
आरोपियों से बरामदगी
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से—
01 सोने का हार (लगभग 14 ग्राम)
01 सोने का झुमका (लगभग 7.95 ग्राम)
01 सोने का मंगलसूत्र (लगभग 28.95 ग्राम)
बरामद किया है। साथ ही घटना में प्रयुक्त लोहे का रॉड भी जब्त किया गया है।
आदतन अपराधी भी शामिल
गिरफ्तार आरोपियों में शंकर उर्फ बण्ठा रजक आदतन अपराधी है, जिसके विरुद्ध थाना बसंतपुर में मारपीट एवं नकबजनी के कई मामले पूर्व से दर्ज हैं।
गिरफ्तार आरोपी
शंकर रजक उर्फ बण्ठा (26 वर्ष), निवासी बासपाई पारा
निखिल ढीमर उर्फ निक्कु (20 वर्ष), निवासी रानीसागर के पास
आलोक भोजपुरी (21 वर्ष), निवासी इंदिरानगर
सुरेश ढीमर उर्फ सुरजू (54 वर्ष), निवासी बासपाई पारा
सभी आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस पूरी कार्रवाई में सायबर थाना एवं थाना बसंतपुर की संयुक्त टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिसमें निरीक्षक विनय पम्मार, उप निरीक्षक देवादास भारती सहित अन्य पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों का विशेष योगदान रहा।