सिलेंडर की ‘नो टेंशन’: देश का पहला LPG ATM शुरू, खाली दो और भरा हुआ ले जाओ; बस 2 मिनट का काम

LPG ATM Gurgaon : गुरुग्राम। अब गैस सिलेंडर लेने के लिए न तो एजेंसी के चक्कर काटने होंगे और न ही डिलीवरी मैन का इंतजार करना होगा। हरियाणा के गुरुग्राम (सेक्टर-33) में देश का पहला LPG ATM शुरू हो गया है। यह ठीक उसी तरह काम करता है जैसे आप बैंक के एटीएम से पैसे निकालते हैं, बस फर्क इतना है कि यहाँ से आपको भरा हुआ गैस सिलेंडर मिलेगा।

कैसे काम करता है यह ‘गैस एटीएम’?
सेंट्रल पार्क फ्लावर वैली में लगी यह वेंडिंग मशीन पूरी तरह ऑटोमैटिक है। ग्राहक को बस अपना मोबाइल नंबर डालना होता है, जिसके बाद फोन पर एक OTP आता है। वेरिफिकेशन होते ही आप UPI या कार्ड से पेमेंट करते हैं और मशीन तुरंत एक भरा हुआ सिलेंडर बाहर निकाल देती है। यह पूरी प्रक्रिया महज 2 मिनट के भीतर पूरी हो जाती है।

24 घंटे सुविधा और पारदर्शी सिलेंडर
इस तकनीक की सबसे बड़ी खूबी यह है कि यह 24×7 उपलब्ध है। यानी आधी रात को भी गैस खत्म हो जाए, तो आपको परेशान होने की जरूरत नहीं।

हल्के और सुरक्षित: यहाँ लोहे के भारी-भरकम सिलेंडरों की जगह ‘कॉम्पोजिट सिलेंडर’ मिलते हैं।

वजन का झंझट खत्म: जहां सामान्य सिलेंडर 30 किलो का होता है, वहीं ये मात्र 15 किलो के हैं।

गैस दिखेगी साफ: ये सिलेंडर पारदर्शी (Transparent) हैं, जिससे आप बाहर से ही देख सकते हैं कि अंदर कितनी गैस बची है।

स्मार्ट सप्लाई चेन
इस मशीन में एक बार में 10 सिलेंडर लोड किए जा सकते हैं। जैसे ही स्टॉक कम होकर 2 पर पहुंचता है, मशीन खुद-ब-खुद गैस एजेंसी को अलर्ट भेज देती है ताकि रिफिलिंग की जा सके। फिलहाल इसे एक पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर शुरू किया गया है, लेकिन इसकी सफलता को देखते हुए जल्द ही इसे देश के अन्य बड़े शहरों में भी इंस्टॉल किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *