ग्वालियर। पुरानी छावनी थाना क्षेत्र के पठान मोहल्ले में गुरुवार को एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। यहाँ पड़ोसियों की एक छोटी सी लापरवाही और जिद ने 14 साल की मासूम राजिया की जान ले ली। अपने ही घर के दरवाजे पर खड़ी किशोरी पर अचानक बिजली का भारी-भरकम खंभा गिर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मना करने के बाद भी नहीं माने पड़ोसी
घटना की शुरुआत तब हुई जब मोहल्ले में रहने वाले विशाल खान और उसके साथी अपने घर की ढीली केबल को ठीक करने के लिए बिजली के खंभे पर चढ़े थे। मृतका के चाचा वसीम खान ने उन्हें बार-बार टोका और चेतावनी दी कि वे तार न काटें, क्योंकि इससे खंभा गिर सकता है। आरोप है कि चेतावनी सुनने के बजाय पड़ोसियों ने गाली-गलौज की और जैसे ही केबल का तार काटा, संतुलन बिगड़ गया और खंभा सीधे दरवाजे पर खड़ी राजिया पर जा गिरा।
अस्पताल पहुँचने से पहले ही थमी सांसें
खंभा गिरते ही चीख-पुकार मच गई। गंभीर रूप से घायल राजिया को आनन-फानन में परिजन पास के निजी अस्पताल ले गए, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने उसे देखते ही मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद से पूरे पठान मोहल्ले में मातम और तनाव का माहौल है।
पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
मासूम की मौत की खबर मिलते ही पुरानी छावनी पुलिस मौके पर पहुँची। पुलिस ने वसीम खान की शिकायत पर मर्ग कायम कर लिया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि लापरवाही बरतने वाले आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाए जा रहे हैं।