भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी में मिलावटी डेयरी उत्पादों के काले कारोबार पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की है। ‘मिल्क मैजिक’ ब्रांड के नाम पर पाम ऑयल और खतरनाक रसायनों से बने दुग्ध उत्पाद बेचने वाली कंपनी ‘जयश्री गायत्री फूड प्रोडक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड’ (JGFPPL) के संचालक किशन मोदी पर ईडी का शिकंजा कस गया है। जांच एजेंसी ने मोदी की करीब 20.59 करोड़ रुपये की 11 अचल संपत्तियों को अटैच (कुर्क) कर लिया है।
विदेशी धरती तक फैला था मिलावट का जाल
किशन मोदी पर आरोप है कि उन्होंने फर्जी लैब टेस्ट रिपोर्ट के आधार पर न केवल देश में, बल्कि बहरीन, हांगकांग, सिंगापुर, ओमान, कतर और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) जैसे देशों में भी घटिया और मिलावटी डेयरी उत्पाद निर्यात किए। कंपनी ‘मिल्क मैजिक’ ब्रांड के तहत असली दूध के फैट की जगह पाम ऑयल और स्वास्थ्य के लिए हानिकारक रसायनों का इस्तेमाल कर रही थी।
रिमांड के बाद अब न्यायिक हिरासत में आरोपी
गौरतलब है कि ईडी ने इस मामले में कड़ी कार्रवाई करते हुए 13 मार्च 2026 को किशन मोदी को गिरफ्तार किया था। 18 मार्च तक चली लंबी पूछताछ और रिमांड के बाद, उन्हें अदालत में पेश किया गया। कोर्ट ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी संचालक को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। करोड़ों की संपत्ति कुर्क होने के बाद अब इस सिंडिकेट से जुड़े अन्य लोगों पर भी गाज गिर सकती है।