मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मध्यप्रदेश के उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला ने की सौजन्य मुलाकात

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से आज राजधानी रायपुर स्थित उनके निवास कार्यालय में मध्यप्रदेश के उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला ने सौजन्य मुलाकात की। मुख्यमंत्री साय ने श्री शुक्ला का शॉल और प्रतीक चिन्ह भेंट कर आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया।

इस मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं के मध्य क्षेत्रीय विकास, आपसी समन्वय और जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। साथ ही दोनों राज्यों के बीच भविष्य में सहयोग को और अधिक सुदृढ़ करने पर सहमति व्यक्त की गई। उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला ने इस अवसर पर जानकारी दी कि अब रीवा और रायपुर सीधे हवाई मार्ग से जुड़ गए हैं। मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ के साझा प्रयासों से दोनों राज्यों की जनता को हवाई सेवा की यह बड़ी सौगात मिली है। श्री शुक्ला ने इस दिशा में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा किए गए प्रयासों के लिए उनका आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी दोनों राज्यों के साझा हितों को आगे बढ़ाने की बात कही।

उल्लेखनीय है कि रायपुर और रीवा के मध्य नियमित हवाई सेवा प्रारंभ होने से छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश के नागरिकों की यात्रा अब सुगम और आसान हो जाएगी। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के अध्यक्ष डॉ. रामप्रताप सिंह, डॉ. हिमांशु द्विवेदी सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *