रायपुर के निजी अस्पताल में दर्दनाक हादसा: सीवरेज टैंक की सफाई के दौरान तीन कर्मचारियों की मौत

रायपुर। राजधानी के पचपेड़ी नाका स्थित रामकृष्ण अस्पताल परिसर में मंगलवार रात एक बड़ा हादसा हो गया। अस्पताल के सीवरेज टैंक की सफाई करने उतरे तीन सफाईकर्मियों की जहरीली गैस की चपेट में आने से मौत हो गई। इस घटना में एक अन्य कर्मचारी की हालत गंभीर बनी हुई है, जिसका उपचार जारी है। यह पूरा मामला टिकरापारा थाना क्षेत्र का है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सफाई के दौरान टैंक के भीतर अत्यधिक जहरीली गैस के रिसाव के कारण तीनों सफाईकर्मी मौके पर ही बेहोश हो गए और दम घुटने से उनकी जान चली गई। मृतकों की पहचान अनमोल मांझी, गोविंद सेंद्रे और पेर्रा कुमार के रूप में हुई है। हालांकि, अस्पताल प्रबंधन ने फिलहाल दो मौतों की ही आधिकारिक पुष्टि की है।

हादसे की खबर फैलते ही मृतकों के परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण अस्पताल पहुंच गए। परिजनों को अस्पताल के भीतर जाने से रोकने पर स्थिति तनावपूर्ण हो गई और आक्रोशित लोगों ने अस्पताल पर पथराव कर दिया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी झड़प भी हुई। परिजनों का आरोप है कि सुरक्षा उपकरणों और मानकों की अनदेखी के कारण यह दर्दनाक हादसा हुआ है।

बिगड़ते हालात को देखते हुए अस्पताल परिसर और आसपास के क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की सूक्ष्मता से जांच की जा रही है और दोषियों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल प्रशासन स्थिति को नियंत्रित करने और परिजनों को शांत कराने का प्रयास कर रहा है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *