विवादित गाना सरके चुनर यूट्यूब के हिंदी वर्जन से हटा, नोरा फतेही और मेकर्स के खिलाफ मानवाधिकार आयोग का नोटिस

मुंबई। संजय दत्त की बहुप्रतीक्षित फिल्म केडी- द डेविल के आइटम सॉन्ग सरके चुनर तेरी सरके को लेकर उपजा विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। देशव्यापी विरोध और कड़ी आलोचनाओं के बाद फिल्म निर्माताओं ने इस गाने के हिंदी वर्जन को आधिकारिक तौर पर यूट्यूब से हटा दिया है। हालांकि, इस गाने का तमिल, तेलुगू, कन्नड़ और मलयालम वर्जन अब भी यूट्यूब पर उपलब्ध है, जिस पर सोशल मीडिया यूजर्स सवाल उठा रहे हैं।

इस गाने के कंटेंट को अश्लील और फूहड़ बताते हुए राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने नोटिस जारी किया है। एएनआई की रिपोर्ट के अनुसार, एक सामाजिक कार्यकर्ता और वकील ने दिल्ली पुलिस की साइबर सेल में इस गाने के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि गाने के बोल और दृश्य कामुकता को बढ़ावा देते हैं, जिसका युवाओं पर नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है। इस मामले में सेंसर बोर्ड से भी हस्तक्षेप की मांग की गई है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, विवाद बढ़ता देख मेकर्स ने 16 मार्च 2026 को इस गाने के हिंदी वर्जन को सभी आधिकारिक प्लेटफॉर्म से हटा लिया है। अभिनेत्री नोरा फतेही ने भी अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से इस गाने से जुड़े वीडियो डिलीट कर दिए हैं। हालांकि, फिल्म से जुड़े प्रमुख कलाकारों और निर्माताओं ने अभी तक इस पूरे विवाद पर कोई औपचारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है।

ग्लैमर जगत से लेकर खेल जगत की हस्तियों ने भी इस गाने की कड़ी निंदा की है। गायक अरमान मलिक ने गाने के स्तर पर सवाल उठाए हैं, वहीं पूर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह ने भी इसे ट्रोल किया है। इंटरनेट यूजर्स ने नोरा फतेही के डांस स्टेप्स और एक्सप्रेशंस को अश्लील बताते हुए उन्हें जमकर निशाने पर लिया है। फिलहाल मामले में कानूनी और प्रशासनिक कार्रवाई जारी है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *