रायपुर में गैंगवार: पुरानी रंजिश में चाकूबाजी से मचा हड़कंप, पुलिस जांच में जुटी

रायपुर। राजधानी रायपुर में पुलिस कमिश्नरेट सिस्टम लागू होने के बावजूद आपराधिक घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला कोतवाली थाना क्षेत्र के कालीबाड़ी स्थित गांधीनगर इलाके का है, जहां देर रात दो गुटों के बीच गैंगवार और चाकूबाजी की घटना सामने आई है। इस घटना से स्थानीय निवासियों में दहशत का माहौल है।

मिली जानकारी के अनुसार, गांधीनगर निवासी अभिषेक सोनी और विक्रम के बीच किसी पुरानी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ था। देखते ही देखते यह विवाद गैंगवार में बदल गया। आरोप है कि विक्रम ने अपने साथियों के साथ मिलकर अभिषेक को दौड़ा-दौड़ा कर चाकू से हमला किया। हमले के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।

इस वारदात के पीछे गांजा तस्करी और आपसी रंजिश को मुख्य कारण माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि इस इलाके में सक्रिय गांजा तस्कर रवि साहू फिलहाल 10 साल की सजा के कारण जगदलपुर जेल में बंद है, जबकि नेहरू नगर निवासी मुकेश बनिया भी इसी तरह के एक मामले में रायपुर जेल में कैद है। यह गैंगवार इन्हीं दोनों तस्करों से जुड़े गुर्गों के बीच होना बताया जा रहा है।

घटना की सूचना मिलने के बाद कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *