धरसींवा: जमीन वापस दिलाने की मांग को लेकर किसान हाइटेंशन टावर पर चढ़ा, मचा हड़कंप

रायपुर के धरसींवा इलाके में स्थित सिलतरा औद्योगिक क्षेत्र के ग्राम सोंडरा में सोमवार को एक किसान ने अपनी जमीन वापस पाने के लिए आत्मघाती कदम उठाया है। किसान जमीन पर कब्जे से परेशान होकर बिजली के एक हाइटेंशन टावर पर चढ़ गया, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए हैं।

ग्राम सोंडरा निवासी किसान किशन निषाद की फार्च्यून फैक्ट्री के समीप कृषि भूमि है। किसान का आरोप है कि कुछ साल पहले फैक्ट्री प्रबंधन ने उसकी जमीन पर अवैध रूप से कब्जा कर लिया है, जिससे उसका परिवार आर्थिक संकट में है। पीड़ित किसान ने इस मामले की शिकायत पुलिस और प्रशासन के उच्च अधिकारियों से की थी। सरपंच संतोष साहू के अनुसार, राजस्व विभाग द्वारा कराए गए सीमांकन में जमीन किशन निषाद की ही निकली थी, बावजूद इसके उसे अब तक जमीन का कब्जा नहीं मिल सका है।

न्याय के हर रास्ते बंद होते देख किसान ने आज सुबह यह आत्मघाती कदम उठाया। घटना की जानकारी मिलने के बाद सरपंच और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए हैं। वे किसान को टावर से नीचे उतारने की कोशिश कर रहे हैं और उसे लगातार समझाइश दे रहे हैं, लेकिन किसान अभी भी अपनी जिद पर अड़ा हुआ है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *