बिलासपुर: घर में फ्रिज में जोरदार धमाके के बाद लगी भीषण आग, महिला की जिंदा जलकर मौत

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के सरकंडा थाना क्षेत्र में रविवार देर रात एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। लिंगियाडीह स्थित साईं मंदिर के पीछे एक मकान में रखे फ्रिज में अचानक हुए जोरदार धमाके के बाद भीषण आग लग गई। इस हादसे में घर में अकेली मौजूद 57 वर्षीय महिला की जिंदा जलकर मौत हो गई।

मृतका की पहचान जया अग्रवाल के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, जया अग्रवाल अपने मुंहबोले वकील भाई के साथ रहती थीं, जबकि उनका परिवार बेंगलुरु में निवासरत है। घटना के समय वह घर में अकेली थीं।

आस-पास के लोगों ने बताया कि देर रात अचानक हुए धमाके की आवाज सुनकर वे घरों से बाहर निकल आए और गली के एक मकान से आग की लपटें उठती देखीं। स्थानीय पार्षद दिलीप पाटिल और अन्य लोगों ने बाल्टियों से पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया। इस बीच पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची दमकल टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

आग बुझने के बाद जब घर के भीतर तलाशी ली गई, तो महिला का शव बुरी तरह झुलसी हुई हालत में मिला। शुरुआती दौर में लोगों को गैस सिलेंडर फटने का संदेह था, लेकिन प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण फ्रिज में हुआ ब्लास्ट ही माना जा रहा है। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घटना की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। इस हादसे से पूरे इलाके में शोक की लहर है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *