बिहार में पांच राज्यसभा सीटों के लिए मतदान कल, एनडीए ने जीती रणनीति पर किया मंथन

बिहार में राज्यसभा की पांच सीटों के लिए सोमवार, 16 मार्च को मतदान होगा। इसके लिए राज्य निर्वाचन आयोग ने पूरी तैयारी कर ली है। मतदान बिहार विधानसभा परिसर में बनाए गए विशेष केंद्र पर सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगा। मतदान प्रक्रिया संपन्न होने के बाद उसी दिन देर शाम मतगणना होगी और परिणामों की घोषणा कर दी जाएगी।

छह उम्मीदवार मैदान में

राज्यसभा की इन पांच सीटों के लिए कुल छह उम्मीदवार चुनावी दौड़ में हैं। एनडीए की ओर से भारतीय जनता पार्टी ने नितिन नवीन और शिवेश कुमार को मैदान में उतारा है। वहीं, जनता दल यूनाइटेड से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और रामनाथ ठाकुर प्रत्याशी हैं। राष्ट्रीय लोक मोर्चा के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा एनडीए समर्थित उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ रहे हैं। इनके मुकाबले राष्ट्रीय जनता दल (महागठबंधन) ने एडी सिंह को अपना प्रत्याशी बनाया है।

एनडीए की रणनीति और संख्या बल

मतदान से पहले रविवार को एनडीए के विधायकों की एक महत्वपूर्ण बैठक राज्य के मंत्री विजय कुमार चौधरी के आवास पर आयोजित की गई। इस बैठक में एनडीए के सभी प्रमुख नेताओं और घटक दलों के विधायकों ने हिस्सा लिया। बैठक में मतदान की प्रक्रिया और रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।

उल्लेखनीय है कि राज्यसभा की एक सीट जीतने के लिए 41 विधायकों के मत की आवश्यकता होती है। एनडीए के पास कुल 202 विधायक हैं। गठबंधन के पास पांचवीं सीट जीतने के लिए फिलहाल 38 वोट हैं और उन्हें जीत सुनिश्चित करने के लिए तीन अतिरिक्त वोटों की दरकार है। हालांकि, एनडीए नेताओं ने अपनी एकजुटता दिखाते हुए पांचों सीटों पर जीत दर्ज करने का पूर्ण विश्वास जताया है। विधायकों को पिछले कुछ दिनों से मतदान के तकनीकी पहलुओं को लेकर विशेष प्रशिक्षण भी दिया गया है।


Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *