कांकेर। जिले के छोटेबेठिया थाना क्षेत्र में सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता हाथ लगी है। डीआरजी और बीएसएफ की संयुक्त टीम ने सर्चिंग के दौरान नक्सलियों के एक ठिकाने से भारी मात्रा में विस्फोटक, वर्दी और अन्य सामग्री बरामद की है। साथ ही जवानों ने क्षेत्र में बने नक्सलियों के चार स्मारकों को भी ध्वस्त कर दिया है।
सुरक्षा बलों की यह संयुक्त टीम 15 मार्च को छोटेबेठिया थाना क्षेत्र के हापाटोला और बीनागुंडा के जंगल-पहाड़ी इलाकों में गश्त पर निकली थी। सर्चिंग के दौरान जवानों को नक्सलियों द्वारा डंप करके छिपाया गया सामान मिला। इसमें तीन प्रेशर कुकर आईईडी और एक पाइप आईईडी शामिल हैं, जिन्हें सुरक्षा की दृष्टि से मौके पर ही निष्क्रिय कर दिया गया।
कार्रवाई के दौरान बरामद किए गए विस्फोटकों में एक 10 किलोग्राम और दो पांच-पांच किलोग्राम के प्रेशर कुकर आईईडी शामिल हैं। इनके अलावा जवानों ने एक पाइप आईईडी, बिजली का वायर बंडल, तीन नक्सली वर्दी, बड़ी संख्या में पटाखे, नक्सल साहित्य और अन्य दैनिक उपयोग की सामग्री भी जब्त की है।
अधिकारियों ने बताया कि नक्सलियों की उपस्थिति को देखते हुए इलाके में सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है। डंप बरामद करने के अलावा, टीम ने ग्राम कलपर और आमाटोला में स्थापित चार नक्सली स्मारकों को भी पूरी तरह से ध्वस्त कर दिया है। सुरक्षा बलों की इस कार्रवाई को नक्सल विरोधी अभियान में एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।