नेपाल में बड़ा सड़क हादसा: खाई में गिरी भारतीय तीर्थयात्रियों की बस, सात लोगों की मौत

CG News

काठमांडू। नेपाल के गंडकी प्रांत में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में सात भारतीय तीर्थयात्रियों की मौत हो गई। मनकामना मंदिर के दर्शन कर लौट रही यात्रियों से भरी बस गोरखा जिले में अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में सात अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका इलाज स्थानीय अस्पताल में चल रहा है।

स्थानीय पुलिस के अनुसार, यह बस मनकामना मंदिर से वापस लौट रही थी, तभी गोरखा जिले के पास चालक का वाहन पर से नियंत्रण खो गया और बस सड़क से नीचे जा गिरी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दलों ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया। गोरखा जिले के जिला यातायात पुलिस कार्यालय के प्रमुख सूरज आर्यल ने बताया कि मृतकों में दो महिलाएं और पांच पुरुष शामिल हैं।

हादसे में जान गंवाने वाले सभी भारतीय नागरिक थे। पुलिस ने मृतकों की पहचान मुथु कुमार (58), अनामलिक (58), मीनाक्षी (59), शिवगामी (53), विजयल (57), मीना (58) और तमिलारसी (60) के रूप में की है। काठमांडू पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार, सात घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर आंबुखैरेनी के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हिमालयन टाइम्स के मुताबिक, इलेक्ट्रिक बस का चालक इस दुर्घटना में सुरक्षित बच गया, जबकि उसका सहायक घायल हुआ है। पुलिस हादसे के कारणों की गहन जांच कर रही है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि बस अनियंत्रित कैसे हुई।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *