नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कथित तौर पर विवादित टिप्पणी करने के मामले में छत्तीसगढ़ कांग्रेस के प्रदेश संयुक्त महामंत्री विनोद तिवारी को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की टीम ने उन्हें उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले से हिरासत में लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, विनोद तिवारी कौशांबी में एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए गए हुए थे। इसी दौरान दिल्ली पुलिस की टीम वहां पहुंची और उन्हें गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई 3 फरवरी को सोशल मीडिया पर की गई एक पोस्ट से संबंधित मामले में की गई है।
सूत्रों के मुताबिक, उक्त विवादित पोस्ट को लेकर दिल्ली में शिकायत दर्ज कराई गई थी, जिसके आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की थी। जांच के बाद दिल्ली पुलिस की एक टीम ने कौशांबी पहुंचकर उन्हें हिरासत में ले लिया और अब आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
इस गिरफ्तारी के बाद राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है। पुलिस अब मामले से जुड़े तकनीकी पहलुओं और अन्य साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई को आगे बढ़ा रही है।