आईपीएल 2026: चोट और अन्य चुनौतियों से घिरी आरसीबी, विदेशी खिलाड़ियों की उपलब्धता पर भी संशय

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के आगाज में अब कुछ ही दिन शेष हैं, लेकिन गत चैम्पियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। टीम के मुख्य तेज गेंदबाज जोस हेजलवुड की फिटनेस आरसीबी के लिए सबसे बड़ी चिंता का विषय बनी हुई है। हेजलवुड वर्तमान में रिहैब की प्रक्रिया से गुजर रहे हैं और उनका खेलना पूरी तरह से फिटनेस क्लीयरेंस पर निर्भर है। ऑस्ट्रेलिया के लिए खेलते हुए हेजलवुड ने आरसीबी के लिए 27 मैचों में 45 विकेट लिए हैं, ऐसे में उनकी अनुपस्थिति टीम के गेंदबाजी आक्रमण को कमजोर कर सकती है।

आरसीबी की परेशानियां केवल खिलाड़ियों तक सीमित नहीं हैं। उनके घरेलू मैदान एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम को आईपीएल मैचों की मेजबानी के लिए अभी अंतिम मंजूरी मिलनी बाकी है। यदि समय रहते सुरक्षा और अन्य मानकों की क्लीयरेंस नहीं मिलती है, तो टीम को अपने घरेलू मैच किसी अन्य स्थान पर खेलने पड़ सकते हैं।

अन्य टीमों की बात करें तो सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान पैट कमिंस की फिटनेस और उपलब्धता भी स्पष्ट नहीं है। हाल ही में टी20 वर्ल्ड कप और एशेज श्रृंखला में उनकी सीमित भागीदारी ने उनकी फिटनेस पर सवाल खड़े किए हैं। इसके अलावा पश्चिम एशिया में जारी तनाव के कारण उड़ानों के रद्द होने से वेस्टइंडीज और दक्षिण अफ्रीका के कई खिलाड़ियों के समय पर भारत पहुंचने और टीम कैंप से जुड़ने पर भी संशय बना हुआ है।

टी20 वर्ल्ड कप के बाद भारतीय खिलाड़ी अब अपनी फ्रेंचाइजी टीमों से जुड़ने की तैयारी कर रहे हैं और उम्मीद है कि 16 मार्च तक सभी भारतीय खिलाड़ी कैंप का हिस्सा बन जाएंगे। फिलहाल बीसीसीआई ने आईपीएल 2026 के शुरुआती 20 मैचों का कार्यक्रम घोषित किया है। शेष मैचों का शेड्यूल पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु और असम में होने वाले विधानसभा चुनावों की तारीखों के ऐलान के बाद जारी किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *