रांची से रायपुर जा रही यात्री बस में लगी आग, चालक की सूझबूझ से सुरक्षित निकले यात्री

जशपुर। रांची से जशपुर होते हुए रायपुर जाने वाली शिवनाथ बस में बुधवार को भीषण आग लग गई। यह हादसा रांची के खादगढ़ा बस स्टैंड से रवाना होने के बाद नामकुम क्षेत्र के रिंग रोड पर हुआ। गनीमत रही कि बस चालक ने समय रहते आग को भांप लिया और सभी यात्रियों को सुरक्षित नीचे उतार दिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

मिली जानकारी के अनुसार, बस में शॉर्ट सर्किट की वजह से अचानक आग भड़क उठी। जैसे ही चालक को आग लगने का अहसास हुआ, उसने तुरंत यात्रियों को सूचित किया और बस को सड़क किनारे रोक दिया। यात्रियों के उतरते ही आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। इस घटना में किसी भी यात्री को चोट नहीं आई है, लेकिन बस में रखा यात्रियों का सामान जलकर राख हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आग की लपटें इतनी तेज थीं कि दूर से ही धुएं का गुबार दिखाई दे रहा था। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी। दमकल की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बस पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और यात्रियों के लिए अन्य वैकल्पिक व्यवस्था की गई है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *