जिले के 32 हजार से अधिक किसानों के खाते में आएगी 6 करोड़ 50 लाख रुपए की राशि
कोरिया, 11 मार्च 2026/ प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत 22वीं किस्त की राशि सीधे किसानों के खातों में हस्तांतरित की जाएगी। इसका वितरण 13 मार्च 2026 को शाम 5 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा गुवाहाटी, असम से किया जाएगा। कार्यक्रम का प्रसारण वेबकास्ट के माध्यम से भी किया जाएगा। किसान इस वेबकास्ट के माध्यम से कार्यक्रम में जुड़ सकते हैं: http://pmindiawebcast.nic.in जिला प्रशासन ने निर्देश दिया है कि कृषि विज्ञान केन्द्र, प्रधानमंत्री किसान समृद्धि केन्द्र, विकासखण्ड कार्यालय, पंचायत मुख्यालय, प्राथमिक कृषि सहकारी समिति और मंडियों में इस अवसर पर पी.एम. किसान उत्सव दिवस का आयोजन किया जाए। कार्यक्रम में अधिक से अधिक किसानों की सहभागिता और जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति सुनिश्चित की जाएगी।
होली पर्व से छत्तीसगढ़ सरकार ने 28 फरवरी 2026 को जिले के 20,442 अन्नदाताओं के खातों में खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के तहत कृषक उन्नति योजना के अंतर्गत कुल 88 करोड़ 31 लाख 44 हजार 199.60 रुपये की आदान सहायता डीबीटी के माध्यम से सीधे अंतरित की गई थी।
अब प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना से जिले के 32 हजार से अधिक किसानों के खातों में 6 करोड़ 50 लाख रुपए की राशि सीधे आएगी। जिला प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है, ताकि यह कार्यक्रम सुव्यवस्थित और प्रभावी रूप से आयोजित किया जा सके।