छत्तीसगढ़ की 35 युवतियां झारखंड में बंधक: नौकरी का झांसा देकर गढ़वा में रोका, सुरक्षित वापसी के लिए प्रशासन सक्रिय

कांकेर

छत्तीसगढ़ के कांकेर सहित अन्य जिलों की 35 युवतियों को झारखंड में बंधक बनाए जाने का गंभीर मामला प्रकाश में आया है। इन युवतियों को अच्छी नौकरी और नर्सिंग कार्य का झांसा देकर झारखंड ले जाया गया था, लेकिन वहां उन्हें जबरन बंधक बनाकर काम लिया जा रहा है। मामले का खुलासा तब हुआ जब दुर्गुकोंदल क्षेत्र की एक युवती ने किसी तरह अपने मोबाइल से गांव के एक परिचित युवक को मदद का संदेश भेजा। इस संदेश में उसने बताया कि उन्हें झारखंड के गढ़वा जिले में कैद करके रखा गया है।

बंधक बनाई गई 35 युवतियों में से 15 अकेले कांकेर जिले की बताई जा रही हैं, जबकि शेष अन्य जिलों की निवासी हैं। परिजनों ने इस घटना की जानकारी मिलते ही शासन और प्रशासन से अपनी बेटियों की सुरक्षित वापसी के लिए गुहार लगाई है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए छत्तीसगढ़ प्रशासन तुरंत हरकत में आया है। कांकेर कलेक्टर नीलेश क्षीरसागर ने पुष्टि की है कि गढ़वा जिला प्रशासन और पुलिस के साथ लगातार संपर्क साधा जा रहा है। युवतियों को सकुशल वापस लाने के लिए विशेष टीमें गठित कर तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया है।

इस पूरे घटनाक्रम पर राज्य की महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने भी संज्ञान लिया है। उन्होंने बताया कि कलेक्टर से इस विषय पर विस्तृत चर्चा हुई है। जानकारी के अनुसार, कुछ युवतियां वहां से वापस आना चाहती हैं और उन्हें लाने के लिए आवश्यक प्रशासनिक प्रक्रियाएं तेज कर दी गई हैं। पुलिस विभाग मानव तस्करी के कोण से भी मामले की जांच कर रहा है ताकि उन एजेंटों का पता लगाया जा सके जिन्होंने युवतियों को सुनहरे भविष्य का सपना दिखाकर दूसरे राज्य भेजा था। फिलहाल प्राथमिकता सभी युवतियों को सुरक्षित रेस्क्यू कर वापस लाने की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *