आरी डोंगरी खदान में अनियमितताओं का आरोप, शिवसेना ने की जांच और कार्रवाई की मांग

भानुप्रतापपुर/कांकेर। भानुप्रतापपुर विकासखंड के ग्राम कच्चे स्थित आरी डोंगरी लौह अयस्क खदान में खनन कार्य कर रही कंपनी गोदावरी स्पात पर गंभीर अनियमितताओं के आरोप लगाए गए हैं। शिवसेना प्रदेश महासचिव चंद्रमौली मिश्रा ने कंपनी द्वारा अवैध जंगल कटाई, बिना अनुमति निर्माण कार्य तथा खदान के वेस्ट मटेरियल के अवैध परिवहन और निस्तारण किए जाने का आरोप लगाते हुए प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।

शिवसेना नेता चंद्रमौली मिश्रा ने बताया कि कंपनी द्वारा खदान से निकलने वाले वेस्ट मटेरियल, डस्ट और धूल को बिना वैधानिक अनुमति एवं बिना परिवहन पास के विभिन्न स्थानों पर फेंका जा रहा है। उनका आरोप है कि इस गतिविधि से क्षेत्र के जल, जंगल, जमीन और पर्यावरण को गंभीर नुकसान पहुंच सकता है। उन्होंने कहा कि शिकायतों के बावजूद शासन-प्रशासन द्वारा अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।मिश्रा ने यह भी आरोप लगाया कि खदान से निकलने वाले वेस्ट मटेरियल को बिना रॉयल्टी अदा किए खदान क्षेत्र से बाहर ले जाया जा रहा है, जिससे शासन को प्रतिदिन करोड़ों रुपये के राजस्व का नुकसान हो रहा है। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते इस पर रोक नहीं लगाई गई तो पर्यावरणीय और आर्थिक दोनों स्तरों पर क्षेत्र को भारी क्षति उठानी पड़ सकती है।शिवसेना ने इस मामले में कलेक्टर कांकेर तथा मुख्य वन संरक्षक, वन वृत्त कांकेर को ज्ञापन सौंपकर पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने, अवैध गतिविधियों पर तत्काल रोक लगाने तथा दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।चंद्रमौली मिश्रा ने कहा कि प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा और क्षेत्रीय हितों की रक्षा के लिए प्रशासन को शीघ्र हस्तक्षेप करना चाहिए, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की पर्यावरणीय क्षति और राजस्व हानि को रोका जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *