नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने भारत मंडपम में आयोजित एआई इम्पैक्ट समिट के दौरान शर्टलेस विरोध प्रदर्शन करने के मामले में भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब को गिरफ्तार कर लिया है। करीब 20 घंटे की लंबी पूछताछ के बाद पुलिस ने मंगलवार तड़के यह कार्रवाई की। कांग्रेस सांसद शशिकांत सेंथिल ने इस गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि उदय भानु को सुबह लगभग 4:30 बजे पुलिस ने अपनी हिरासत में लिया।
हालांकि, इस मामले में दिल्ली पुलिस की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। जानकारी के अनुसार, गिरफ्तारी से पहले पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर विस्तृत पूछताछ की थी। इस पूरे प्रकरण में अब तक कुल 7 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है और यूथ कांग्रेस के कई अन्य नेताओं को भी जांच के लिए समन जारी किए गए हैं।
इस पुलिसिया कार्रवाई पर कांग्रेस ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए इसे राजनीतिक प्रतिशोध बताया है। सांसद शशिकांत सेंथिल ने सोशल मीडिया पर कहा कि लंबी पूछताछ के बाद की गई यह गिरफ्तारी सत्ता के दबाव में उठाया गया कदम है। उन्होंने कहा कि युवाओं के अधिकारों के लिए संगठन का संघर्ष जारी रहेगा।
उदय भानु चिब मूल रूप से जम्मू-कश्मीर के पलौड़ा के निवासी हैं। वे वरिष्ठ कांग्रेस नेता हरि सिंह चिब के पुत्र हैं। उनकी राजनीतिक सक्रियता छात्र संगठन एनएसयूआई से शुरू हुई थी, जहां उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष और राष्ट्रीय महासचिव जैसे पदों पर कार्य किया। इसके बाद उन्हें जम्मू-कश्मीर युवा कांग्रेस की जिम्मेदारी दी गई और उनके संगठनात्मक अनुभव को देखते हुए पार्टी ने उन्हें भारतीय युवा कांग्रेस का राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया।