सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। रविवार को एक युवक ने सत्संग कर रही बुजुर्ग महिलाओं पर डंडे से अचानक हमला कर दिया। इस हमले में तीन महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो भी सामने आया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना उस समय हुई जब कुछ बुजुर्ग महिलाएं एक कमरे में सत्संग कर रही थीं। इसी दौरान एक युवक वहां पहुंचा और बिना किसी पूर्व विवाद के महिलाओं पर डंडे से वार करने लगा। अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और महिलाएं जान बचाकर इधर-उधर भागने लगीं।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने युवक को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया। शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
घायल महिलाओं को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी से पूछताछ की जा रही है।