सोशल मीडिया में वीडियो पोस्ट कर यवक ने लगाई फांसी, वीडियो में चार लोगों को बताया मौत का जिम्मेदार…

अंबिकापुर। एक युवक द्वारा सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट करने के बाद फांसी लगाने की घटना में कोतवाली पुलिस ने चार युवकों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया है। बताया गया कि मृतक का इन युवकों से विवाद हुआ था, जिसके बाद वे उसके घर पहुंचे और परिवार को धमकाया था।

बौरीपारा शिकारी रोड निवासी परम तिवारी (25) ने शुक्रवार रात अपने घर में फांसी लगाकर जान दे दी। इससे पहले उसने 1 मिनट 22 सेकंड का वीडियो रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर डाला था। शनिवार सुबह उसका शव घर के अंदर फंदे से लटका मिला। पुलिस ने वीडियो को आधार बनाकर जांच शुरू की थी।

चार युवकों पर लगाए गंभीर आरोप
शुक्रवार की शाम परम तिवारी अग्रसेन चौक स्थित जिम गया था। बाहर निकलते समय उसका चार युवकों के साथ विवाद हो गया। झगड़े के बाद वह सीधा घर पहुंचा। वीडियो संदेश में परम ने कहा था कि देर शाम वही चार युवक उसके घर आए और उसे, उसके माता-पिता और भाई को जान से मारने की धमकी दी। परम ने अपनी मौत के लिए चारों युवकों को जिम्मेदार ठहराया था।

पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
वीडियो में लगाई गई बातों और परिजनों व उसके साथ मौजूद दो दोस्तों के बयान के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है। सरगुजा ASP अमोलक सिंह के मुताबिक, छोटू मिश्रा, बुद्धि पंडित, विक्रांत और प्रांजल मिश्रा के खिलाफ BNS की धारा 108 के तहत अपराध दर्ज किया गया है। अभी तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है।

पॉलिटेक्निक छात्र था मृतक
परम तिवारी पॉलिटेक्निक कॉलेज में पढ़ाई कर रहा था। करीब डेढ़ साल से वह सहेली गली में किराए के मकान में रह रहा था। पढ़ाई के साथ वह एक ठेका कंपनी में पार्ट-टाइम इंटीरियर डिजाइनर के तौर पर काम भी करता था। पुलिस फिलहाल सभी पहलुओं से जांच कर रही है। विवाद की असल वजहों का पता लगाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *