कब आएगी पीएम किसान की 22वीं किस्त? जानें ताजा अपडेट और स्टेटस चेक करने का तरीका

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 22वीं किस्त का इंतजार कर रहे 9 करोड़ से अधिक किसानों के लिए ताजा अपडेट सामने आया है। हालांकि सरकार की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन संभावना जताई जा रही है कि फरवरी के अंतिम सप्ताह से लेकर मार्च के मध्य तक लाभार्थियों के खाते में 2-2 हजार रुपये क्रेडिट किए जा सकते हैं।

योजना के तहत पात्र किसानों को साल भर में 6 हजार रुपये की आर्थिक सहायता तीन किस्तों में दी जाती है। अब तक कुल 21 किस्तें जारी की जा चुकी हैं। पिछली किस्त 19 नवंबर को किसानों के खाते में भेजी गई थी। नियमानुसार अगली किस्त का समय हो चुका है, जिससे उम्मीद जताई जा रही है कि होली से पहले किसानों को यह सौगात मिल सकती है।

इसी बीच लाखों किसानों की किस्त रुकने की आशंका भी बनी हुई है। विभाग के अनुसार जिन किसानों ने अब तक ई-केवाईसी की प्रक्रिया पूरी नहीं की है या जिनका बैंक खाता आधार से लिंक नहीं है, उन्हें इस लाभ से वंचित होना पड़ सकता है। किसानों को सलाह दी गई है कि वे किस्त जारी होने से पहले पोर्टल पर अपनी पात्रता और बैंक विवरण की जांच जरूर कर लें।

किसान अपनी स्थिति जानने के लिए पीएम किसान पोर्टल के फार्मर्स कॉर्नर में जाकर बेनिफिशियरी स्टेटस चेक कर सकते हैं। इसके लिए पोर्टल पर आधार नंबर या मोबाइल नंबर दर्ज कर स्टेटस देखा जा सकता है।


Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *