रायपुर। राजधानी रायपुर में शुक्रवार को अचानक मौसम का मिजाज बदल गया और तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश शुरू हो गई। शहर के कई इलाकों में भारी बारिश के साथ ही तेज अंधड़ भी चला, जिससे भीषण गर्मी का सामना कर रहे राजधानीवासियों को बड़ी राहत मिली है।
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश के अधिकतम तापमान में फिलहाल कोई बड़ा बदलाव दर्ज नहीं किया गया है। पिछले 24 घंटों के दौरान राजनांदगांव में सर्वाधिक 40 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया, जबकि अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 16.9 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि अगले दो दिनों तक अधिकतम तापमान स्थिर बना रहेगा, लेकिन उसके बाद इसमें 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आने की संभावना है।
विभाग द्वारा जारी अगले दो दिनों के पूर्वानुमान के मुताबिक, प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में हल्की से मध्यम वर्षा की स्थिति बनी रह सकती है। कुछ स्थानों पर बिजली चमकने के साथ ही 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी भी दी गई है। पिछले 24 घंटों में राज्य के इक्का-दुक्का स्थानों पर बूंदाबांदी दर्ज की गई है।