ईरान के साथ युद्ध जल्द होगा समाप्त, उकसावे पर मिलेगी कड़ी प्रतिक्रिया: डोनल्ड ट्रंप



नई दिल्ली। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने ईरान के साथ जारी संघर्ष को लेकर बड़ा बयान दिया है। फ्लोरिडा में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने कहा कि ईरान के साथ चल रहा युद्ध जल्द ही खत्म होने वाला है। हालांकि, उन्होंने इसके लिए किसी निश्चित समय सीमा का जिक्र नहीं किया। राष्ट्रपति ने इस सैन्य अभियान को एक अल्पकालिक कार्रवाई करार दिया।


तेहरान को सख्त चेतावनी
राष्ट्रपति ट्रंप ने ईरान को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि उसने किसी भी प्रकार की उकसावे वाली कार्रवाई की, तो अमेरिका उसे पूरी तरह तबाह कर देगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि ईरान होर्मुज जलडमरूमध्य में तेल की आपूर्ति बाधित करने का प्रयास करता है, तो अमेरिका उस पर अब तक का सबसे भीषण हमला करेगा। ट्रंप के अनुसार, यह प्रहार पिछले हमलों की तुलना में बीस गुना अधिक जोरदार होगा, जिससे ईरान के लिए दोबारा खड़ा होना लगभग असंभव हो जाएगा।


हमले की साजिश का दावा
ट्रंप ने दावा किया कि ईरान एक सप्ताह के भीतर अमेरिका पर बड़े हमले की योजना बना चुका था। उनके पास अनुमान से कहीं अधिक मिसाइलें थीं और वे पूरे मध्य पूर्व सहित इजरायल को निशाना बनाने वाले थे। राष्ट्रपति ने कहा कि कुछ ताकतों को खत्म करने के लिए अमेरिका को यह छोटा सैन्य अभियान चलाना पड़ा।


अंतिम विजय का संकल्प
अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि कई मोर्चों पर जीत हासिल करने के बावजूद अभी लक्ष्य पूरा नहीं हुआ है। उन्होंने ईरान से पैदा होने वाले खतरे को हमेशा के लिए समाप्त करने और अंतिम विजय प्राप्त करने का संकल्प दोहराया। ट्रंप ने कहा कि हम पहले से अधिक दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ रहे हैं ताकि शांति स्थापित की जा सके, हालांकि उन्होंने अंत में यह भी कहा कि वह प्रार्थना करते हैं कि ऐसी भीषण युद्ध की स्थिति न आए।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *