नर्मदापुरम। सतपुड़ा टाइगर रिजर्व के मढ़ई परिक्षेत्र में वन्यजीवन का एक दुर्लभ और रोमांचक नजारा देखने को मिला, जहां अपनी टेरिटरी पर कब्जे को लेकर दो शक्तिशाली बाघ आपस में भिड़ गए। इस हिंसक संघर्ष में रिजर्व का प्रसिद्ध बाघ शंकरा घायल हो गया है। पर्यटकों ने इस पूरी घटना को अपने कैमरों में कैद किया है, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।
जानकारी के अनुसार, शाम की सफारी के दौरान मुंबई से आए पर्यटकों का दल मढ़ई के घने जंगल में था। तभी एक जलाशय के पास दो नर बाघ आमने-सामने आ गए। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कुछ देर साथ चलने के बाद अचानक दोनों के बीच संघर्ष शुरू हो गया। इस लड़ाई में शंकरा के दाहिने पैर में गहरी चोट आई है। घटना की सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम ने तत्काल सर्चिंग ऑपरेशन शुरू किया। टीम को घायल अवस्था में शंकरा दिखाई दिया है, जबकि दूसरे नए नर बाघ की तलाश अभी जारी है।
जंगल में वर्चस्व का यह खूनी संघर्ष केवल मढ़ई तक सीमित नहीं रहा। सतपुड़ा टाइगर रिजर्व के मटकुली रेंज की नयाखेड़ा बीट में भी एक बाघ और बाघिन के बीच भिड़ंत की खबर सामने आई है। इस दुखद घटना में बाघ ने बाघिन के चार माह के शावक को मार डाला। वन विभाग ने रविवार दोपहर शावक के शव का पंचनामा कर उसका अंतिम संस्कार कर दिया है।
वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि वन्यजीवों में अपने इलाके को बचाने और वर्चस्व कायम करने के लिए इस तरह के संघर्ष प्राकृतिक प्रक्रिया का हिस्सा हैं। विभाग की विशेष टीम घायल बाघ शंकरा की लगातार मॉनिटरिंग कर रही है ताकि उसकी सुरक्षा और उपचार सुनिश्चित किया जा सके। इस रोमांचक घटना को लेकर पर्यटकों में भारी उत्साह है, वहीं वन अमला वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर पूरी तरह अलर्ट पर है।