पैसे मांगने का वीडियो वायरल, दुर्ग जिले के दो उप निरीक्षक निलंबित

रमेश गुप्ता दुर्ग । थाना पुरानी भिलाई एवं खुर्सीपार में पदस्थ दो उप निरीक्षकों को तत्काल प्रभाव से पुलिस अधीक्षक ने निलंबित कर दिया है। दोनों अधिकारियों पर एनडीपीएस एक्ट के एक प्रकरण में आरोपी पक्ष से पैसे मांगने के आरोप लगे हैं, जिसका कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है।
पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने थाना पुरानी भिलाई में पदस्थ उप निरीक्षक तुलसीराम साहू तथा थाना खुर्सीपार में पदस्थ उप निरीक्षक देव लाल साहू के विरुद्ध कार्रवाई की गई है। वायरल वीडियो के आधार पर प्रथम दृष्टया दोनों अधिकारियों का आचरण संदिग्ध एवं विभागीय नियमों के प्रतिकूल पाए जाने पर उन्हें निलंबित किया गया है।


आदेश में उल्लेख किया गया है कि मामला थाना पुरानी भिलाई के अपराध क्रमांक 288/2026 से संबंधित है। वायरल वीडियो सामने आने के बाद पुलिस विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल निलंबन की कार्रवाई की है।
निलंबन अवधि के दौरान दोनों उप निरीक्षकों का मुख्यालय रक्षित केंद्र, दुर्ग निर्धारित किया गया है। साथ ही उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता प्रदान किया जाएगा।
मामले की जांच के लिए नगर पुलिस अधीक्षक छावनी को निर्देशित किया गया है। उन्हें प्राथमिक जांच कर तीन दिनों के भीतर जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस विभाग की इस कार्रवाई को भ्रष्टाचार और अनुशासनहीनता के मामलों में सख्त रुख के रूप में देखा जा रहा है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की विभागीय कार्रवाई तय की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *