छेड़छाड़ के आरोपों के बीच भिलाई के मारुति शोरूम में हंगामा महिला कर्मचारी ने CEO पर फेंकी स्याही..

रमेश गुप्ता भिलाई। भिलाई के एक प्रतिष्ठित ऑटोमोबाइल शोरूम में उस समय हड़कंप मच गया, जब छेड़छाड़ का आरोप लगाने वाली महिला कर्मचारी ने कंपनी के CEO पर स्याही फेंक दी। इतना ही नहीं, महिला ने पुलिस की मौजूदगी में आरोपी अधिकारी को थप्पड़ भी जड़ दिया। बताया जाता है कि पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और शहरभर में चर्चा का विषय बना हुआ है।
घटना भिलाई स्थित चौहान ऑटोमोबाइल मारुति सुजुकी शोरूम की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक शोरूम में कार्यरत एक महिला कर्मचारी ने कंपनी के CEO अंकित आनंद पर छेड़छाड़ और अभद्र व्यवहार का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस जांच के दौरान भड़का विवाद
सूत्रों के अनुसार पुलिस अधिकारी जांच के सिलसिले में आरोपी CEO को लेकर शोरूम पहुंचे थे। इसी दौरान महिला कर्मचारी का गुस्सा फूट पड़ा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक जैसे ही CEO ऑफिस परिसर में पहुंचे, महिला ने उनके चेहरे और शर्ट पर स्याही फेंक दी।
घटना के बाद महिला सीधे CEO के सामने पहुंची और थप्पड़ मार दिया। बताया जा रहा है कि गुस्से में उसने लात चलाने की भी कोशिश की। मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारी लगातार बीच-बचाव करते रहे और महिला को शांत कराने का प्रयास करते रहे।
कुछ देर तक बना रहा तनावपूर्ण माहौल
घटना के दौरान शोरूम परिसर में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। कर्मचारियों और ग्राहकों की भीड़ जमा हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मौके पर कोई महिला पुलिसकर्मी मौजूद नहीं थी, जिसके कारण पुलिस कर्मियों को स्थिति संभालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। बाद में समझाइश देकर माहौल शांत कराया गया।
वायरल वीडियो बना चर्चा का केंद्र
पूरे घटनाक्रम का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इसे लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। वीडियो में महिला कर्मचारी काफी आक्रोशित दिखाई दे रही है, जबकि पुलिस अधिकारी स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश करते नजर आ रहे हैं।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
भिलाई नगर सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि महिला कर्मचारी की शिकायत पर आरोपी CEO के खिलाफ छेड़छाड़ सहित अन्य धाराओं में अपराध दर्ज किया गया है। मामले की विवेचना जारी है और शोरूम की अन्य महिला कर्मचारियों के बयान भी दर्ज किए जाएंगे।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले ने शहर के कारोबारी और सामाजिक हलकों में हलचल पैदा कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *