ग्वालियर। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने मध्य प्रदेश को विकास की बड़ी सौगात दी है। ग्वालियर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उन्होंने करीब दो लाख करोड़ रुपये की निवेश परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। इसके साथ ही उन्होंने ऐतिहासिक ग्वालियर व्यापार मेले का शुभारंभ किया, जो वर्ष 1905 से निरंतर आयोजित हो रहा है। इस अवसर पर अटल म्यूजियम के उन्नयन कार्य का भी लोकार्पण किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर आयोजित MP ग्रोथ समिट प्रदेश के लिए मील का पत्थर साबित होगी। इससे निवेश बढ़ेगा और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने इस दिन को मध्य प्रदेश के इतिहास में स्वर्णिम दिवस बताया। उन्होंने कहा कि अटल जी की जन्म जयंती पर आयोजित ग्रोथ समिट, उनके संकल्पों को साकार करने की दिशा में एक मजबूत कदम है। अटल जी के विचार आज भी प्रदेश के विकास का मार्गदर्शन कर रहे हैं।
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने इसे केवल औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि उत्तरदायित्व का दिवस बताया। उन्होंने कहा कि ग्वालियर के सपूत भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी का जन्मदिन, प्रदेश के विकास से जुड़ा एक ऐतिहासिक क्षण बन गया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में MP ग्रोथ समिट ने कम समय में ही प्रदेश को नई दिशा दी है। सुशासन के बिना लोकतंत्र मजबूत नहीं हो सकता और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में यह समिट उसी सुशासन का उदाहरण है।
सिंधिया ने उद्योगपतियों का आभार जताते हुए कहा कि उनके भरोसे से मध्य प्रदेश निवेश का मजबूत केंद्र बन रहा है। उन्होंने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि देश में कानून-व्यवस्था मजबूत हुई है और नए भारत का निर्माण हुआ है। अटल जी को याद करते हुए उन्होंने कहा कि राजनीति उनके लिए सत्ता नहीं, बल्कि जनसेवा का माध्यम थी।
एमपी को मिली प्रमुख सौगातें:
- करीब 2 लाख करोड़ रुपये की निवेश परियोजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण
- ऊर्जा क्षेत्र की 3 परियोजनाएं
- खनन क्षेत्र की 13 परियोजनाएं
- पर्यटन क्षेत्र की 2 परियोजनाएं
- स्वास्थ्य क्षेत्र की 3 परियोजनाएं
- करीब 1 लाख 93 हजार नए रोजगार सृजित होने की संभावना