रमेश गुप्ता
दुर्ग। शिवनाथ नदी में रविवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां दो युवकों के डूबने से उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ और स्थानीय पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
कंट्रोल रूम दुर्ग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, छत्तागढ़ क्षेत्र में नदी में दो युवकों के डूबने की खबर मिली थी। सूचना मिलते ही जिला सेनानी एवं जिला अग्निशमन अधिकारी नागेंद्र कुमार सिंह के निर्देश पर एसडीआरएफ की टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
एसडीआरएफ प्रभारी धनीराम यादव के नेतृत्व में टीम के सदस्य ईश्वर खरे सहित जवानों ने गहरे पानी में उतरकर सघन सर्च ऑपरेशन चलाया। कड़ी मशक्कत के बाद टीम ने डिप डाइविंग के माध्यम से एक युवक का शव नदी से बाहर निकाला, जिसे आगे की कार्रवाई के लिए पुलिस को सौंप दिया गया। बाद में दूसरे युवक का भी शव बरामद कर लिया गया।

इस रेस्क्यू ऑपरेशन में राजकुमार यादव, चंद्रप्रताप, आशीष, थानेश्वर, दिनेश, विनय, महेश, हेमराज, चंदू और भानु सहित एसडीआरएफ के जवानों ने अहम भूमिका निभाई।
मृतकों की पहचान कैलाश नगर दुर्ग निवासी 21 वर्षीय मोहम्मद फैजल (पिता: मोहम्मद इकबाल) और 13 वर्षीय मोहम्मद ईशांत (पिता: मोहम्मद जाकिर) के रूप में हुई है। दोनों के असामयिक निधन से क्षेत्र में शोक का माहौल व्याप्त है। पुलिस द्वारा मर्ग कायम कर मामले की जांच की जा रही है।