रायपुर। शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए पुलिस और नगर निगम ने दो माह की विशेष कार्ययोजना तैयार की है। डॉ. संजीव शुक्ला और विश्वदीप की संयुक्त पहल पर यह योजना लागू की जाएगी। इस संबंध में पुलिस कंट्रोल रूम में बैठक आयोजित की गई, जिसमें तीनों जोन के पुलिस उपायुक्त और ट्रैफिक पुलिस उपायुक्त मौजूद रहे।
बैठक में तय किया गया कि शहर के प्रमुख मार्गों और चौक-चौराहों को चरणबद्ध तरीके से ठेले, खोमचे और अतिक्रमण से मुक्त कराया जाएगा। सभी प्रमुख तिराहों और चौक-चौराहों के 50 मीटर दायरे में नो पार्किंग और नो वेंडिंग जोन लागू किया जाएगा।
रिंग रोड नंबर 1 में टाटीबंध चौक से जोरा ब्रिज तक सर्विस रोड पर खड़े वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रमुख मार्गों पर रोड मार्किंग और जेब्रा क्रॉसिंग बनाई जाएंगी, ताकि यातायात संचालन बेहतर हो सके। ऑटोमैटिक सिग्नल वाले चौराहों पर कांक्रीट ब्लॉक लगाकर लेफ्ट टर्न फ्री किया जाएगा, जिससे यातायात का प्रवाह बाधित न हो।
बाजार क्षेत्रों में ठेला और खोमचा हटाकर नए वेंडर जोन निर्धारित किए जाएंगे। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अवैध ठेला-गुमटी और अनियंत्रित पार्किंग पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाया जाएगा।
पुलिस कमिश्नर ने अभियान के दौरान सतत निगरानी और संयुक्त कार्रवाई के निर्देश दिए। नगर निगम कमिश्नर ने कहा कि अतिक्रमण हटाने के बाद पुनः कब्जा न हो, इसके लिए पेट्रोलिंग बढ़ाई जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।