रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग ने सोशल मीडिया पर महिलाओं के खिलाफ कथित आपत्तिजनक AI जनित फोटो-वीडियो और टिप्पणियों के मामले में कांग्रेस के दो नेताओं पर एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए हैं। आयोग ने तीन दिन में पुलिस से रिपोर्ट भी तलब की है। आयोग की अध्यक्ष डॉ. ममता साहू ने मामले का स्वतः संज्ञान लेते हुए कांग्रेस के दो नेताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही संबंधित पुलिस अधिकारियों से तीन दिनों के भीतर कार्रवाई की विस्तृत रिपोर्ट भी मांगी गई है।
AI जनित कंटेंट और टिप्पणियों पर आपत्ति
महिला आयोग के मुताबिक, फेसबुक पर महिलाओं के सम्मान को ठेस पहुंचाने वाली कथित टिप्पणियां, फोटो और AI से तैयार किए गए वीडियो साझा किए गए थे। आयोग ने इसे महिलाओं की गरिमा और सम्मान से जुड़ा गंभीर विषय मानते हुए तत्काल कार्रवाई की आवश्यकता बताई है।
इन नेताओं पर लगे आरोप?
जानकारी के अनुसार, संजय बघेल, जो भाटापारा शहर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के प्रभारी महामंत्री और पूर्व पार्षद हैं, तथा सुरेन्द्र वर्मा, जो बिलासपुर से कांग्रेस पदाधिकारी बताए जाते हैं, पर फेसबुक के जरिए कथित आपत्तिजनक सामग्री साझा करने का आरोप है।
पुलिस अधिकारियों को दिए गए निर्देश
मामले की गंभीरता को देखते हुए आयोग की अध्यक्ष डॉ. ममता साहू ने बलौदाबाजार और बिलासपुर के पुलिस अधीक्षकों से चर्चा कर कानून के अनुसार त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा है। आयोग ने दोनों जिलों की पुलिस से तीन दिन के भीतर की गई कार्रवाई की रिपोर्ट भी प्रस्तुत करने के निर्देश जारी किए हैं।
महिलाओं की गरिमा से जुड़े मामलों पर सख्ती
महिला आयोग ने स्पष्ट किया है कि महिलाओं की गरिमा और सम्मान को प्रभावित करने वाले मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि सोशल मीडिया के माध्यम से महिलाओं के खिलाफ कथित आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित की जाती है, तो संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कानून के तहत उचित कार्रवाई की जाएगी।