बालोद में अनियंत्रित होकर पलटा ट्रैक्टर, चालक की मौत और पांच ग्रामीण गंभीर रूप से घायल

बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में रविवार को एक भीषण सड़क हादसे में ट्रैक्टर चालक की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह दुर्घटना राजहरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पत्थराटोला के पास हुई, जहां तेज रफ्तार ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में पलट गया।

मिली जानकारी के अनुसार, ट्रैक्टर में 20 से अधिक ग्रामीण सवार थे। ये सभी लोग रजही डैम के किनारे पिकनिक मनाने गए थे। वापसी के दौरान पत्थराटोला के पास चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और ट्रैक्टर पलट गया। इस हादसे में चालक गौकरण दर्रो (40 वर्ष) वाहन के नीचे दब गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। ट्रैक्टर में सवार पांच अन्य ग्रामीणों को भी गंभीर चोटें आई हैं।

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है। ग्रामीणों का कहना है कि ट्रैक्टर में क्षमता से अधिक लोग सवार थे, जो दुर्घटना का एक मुख्य कारण हो सकता है। राजहरा थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की विस्तृत छानबीन कर रही है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *