जगदलपुर। भानपुरी थाना क्षेत्र के ग्राम तारागांव में गुरुवार सुबह एक दर्शनार्थी बस अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई। इस हादसे में राजनांदगांव निवासी तामेश्वर साहू की मौके पर मौत हो गई, जबकि बस में सवार अन्य दर्शनार्थी घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुर्ग से करीब 30 से अधिक यात्रियों को लेकर तिरुपति दर्शन के लिए जा रही बस गुरुवार सुबह करीब 5 से 6 बजे तारागांव के पास पहुंची थी। इसी दौरान चालक को झपकी आ जाने से बस का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई।
घटना की सूचना मिलते ही भानपुरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर परिजनों को सूचना दे दी गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।