महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में एक भीषण सड़क हादसे में दो सगे भाइयों सहित तीन युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। यह दुर्घटना आरंग थाना क्षेत्र के अंतर्गत नदी मोड़ के पास हुई, जहां एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर रेलिंग तोड़ते हुए डिवाइडर से जा टकराई।
मिली जानकारी के अनुसार, आरंग निवासी हर्ष देवांगन, राहुल देवांगन और थानू किसी काम से महासमुंद गए थे। वापसी के दौरान उनकी टाटा विस्टा कार दुर्घटना का शिकार हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। कार में सवार एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल है, जिसे नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है। मृतकों की उम्र 20 से 22 वर्ष के बीच बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्राथमिक जांच में हादसे का कारण कार की अत्यधिक रफ्तार बताया जा रहा है। दो सगे भाइयों की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
वहीं, एक अन्य सड़क हादसा गरियाबंद जिले के ग्राम चंपारण में हुआ। यहां एक तेज रफ्तार बाइक के अनियंत्रित होकर गिरने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवती गंभीर रूप से घायल है। मृतकों की पहचान पुष्पेंद्र साहू और अन्नू साहू के रूप में हुई है। घायल युवती रिंकी साहू का अस्पताल में उपचार जारी है। स्थानीय पुलिस इन दोनों मामलों की विस्तृत जांच कर रही है।