सिवनी। मध्यप्रदेश के सिवनी जिले में जिला जेल से तीन विचाराधीन कैदियों के फरार होने की घटना से हड़कंप मच गया है। इस मामले में जेल प्रबंधन की गंभीर लापरवाही सामने आई है। फरार कैदियों की तलाश में पुलिस की टीमें जुटी हुई हैं।
जानकारी के अनुसार, जिला जेल में पॉक्सो एक्ट के तहत तीन विचाराधीन कैदी बंद थे। तीनों ने मौके का फायदा उठाकर जेल से फरार हो गए। फरार कैदियों में दो लखनवाड़ा थाना क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं, जबकि एक कैदी महाराष्ट्र के गोंदिया जिले का रहने वाला है। घटना के बाद जेल में अफरा-तफरी का माहौल है।
सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारी जिला जेल पहुंचे और पूरे मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी गई है। फरार कैदियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग पुलिस टीमें गठित की गई हैं। इस घटना के बाद जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। समाचार लिखे जाने तक फरार कैदियों का कोई सुराग नहीं मिल पाया था।