रायपुर में पासपोर्ट दफ्तर को धमकी भरा ईमेल, 12 बम लगाने का दावा; सुरक्षा एजेंसियां सतर्क

रायपुर। रायपुर स्थित पासपोर्ट कार्यालय को विस्फोट से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया। अज्ञात व्यक्ति ने ईमेल के जरिए कार्यालय परिसर में 12 बम लगाए जाने का दावा किया है। मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है।

धमकी की सूचना मिलते ही पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां तत्काल हरकत में आ गईं। एहतियात के तौर पर दफ्तर परिसर की घेराबंदी कर सघन तलाशी अभियान शुरू किया गया। बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वॉड को भी मौके पर बुलाया गया, जो पूरे परिसर की जांच कर रहे हैं।

पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। ईमेल के स्रोत की तकनीकी जांच शुरू कर दी गई है और साइबर विशेषज्ञों की मदद से प्रेषक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

तमिलनाडु से जुड़ा बताया जा रहा है ईमेल

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि धमकी भरा मेल तमिलनाडु राज्य से संबंधित हो सकता है। हालांकि अब तक किसी भी संदिग्ध वस्तु के मिलने की पुष्टि नहीं हुई है। इसके बावजूद सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया गया है।

थाना प्रभारी यामन देवांगन ने बताया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही आरोपी तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *