एयरपोर्ट पर मचा हड़कंप, इंडिगो और अलायंस एयर की तीन फ्लाइट्स अचानक रद्द, यात्रियों की बढ़ी परेशानी

जयपुर। शनिवार को जयपुर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का फ्लाइट शेड्यूल पूरी तरह प्रभावित रहा। अलग-अलग एयरलाइंस की तीन उड़ानें अंतिम समय पर रद्द होने से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। अचानक हुए इन बदलावों से यात्रियों के ट्रैवल प्लान बिगड़ गए और एयरपोर्ट पर नाराजगी देखने को मिली।

इंडिगो एयरलाइंस की जयपुर से अहमदाबाद जाने वाली फ्लाइट 6E-7031, जो दोपहर 1:35 बजे रवाना होने वाली थी, संचालन संबंधी कारणों से रद्द कर दी गई। इसी तरह अहमदाबाद से जयपुर आने वाली इंडिगो की फ्लाइट 6E-7523, जो दोपहर 3:30 बजे जयपुर पहुंचने वाली थी, भी कैंसिल कर दी गई। दोनों फ्लाइट्स के रद्द होने से यात्रियों में काफी असमंजस की स्थिति पैदा हुई।

इंडिगो एयरलाइंस ने प्रभावित यात्रियों को रिफंड और वैकल्पिक उड़ान का विकल्प देने की बात कही है, लेकिन अंतिम समय पर सूचना मिलने से कई यात्रियों की होटल बुकिंग, कनेक्टिंग फ्लाइट्स और अन्य महत्वपूर्ण कार्यक्रम प्रभावित हुए।

इसके अलावा अलायंस एयर की जयपुर से हिसार जाने वाली फ्लाइट 9I-859 भी उड़ान से ठीक पहले रद्द कर दी गई। यह फ्लाइट सुबह 11:10 बजे जयपुर से रवाना होकर दोपहर 12:10 बजे हिसार पहुंचने वाली थी। एयरलाइन ने इसे भी संचालन संबंधी कारण बताकर कैंसिल किया। इस फ्लाइट के रद्द होने से उन यात्रियों को विशेष नुकसान हुआ, जो हिसार में जरूरी कार्यों और निजी कार्यक्रमों के लिए जा रहे थे।

यात्रियों ने एयरलाइंस से मांग की है कि उड़ान रद्द करने की सूचना समय रहते दी जाए, ताकि उन्हें वैकल्पिक व्यवस्था करने का पर्याप्त समय मिल सके। लगातार हो रही फ्लाइट कैंसिलेशन से यात्रियों में एयरलाइंस के प्रति असंतोष बढ़ रहा है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *