दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में दरिंदगी की वारदात सामने आई है। कोतवाली थाना क्षेत्र के कुंदेली गांव स्थित CRPF कैंप के पास एक महिला का शव नग्न अवस्था में बरामद हुआ। पुलिस को आशंका है कि महिला के साथ रेप कर उसकी बेरहमी से हत्या की गई है। घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और ग्रामीणों में भारी आक्रोश है।

नवरात्रि से लौट रही थी महिला
जानकारी के मुताबिक मृतका नवरात्रि में भांसी के मासापारा देवी मंदिर में रहकर पूजा-पाठ कर रही थी। दशहरे पर अपने गांव कुंदेली लौटते वक्त अज्ञात लोगों ने उसे रास्ते से उठाया और जंगल ले गए। आरोप है कि महिला के साथ पहले दुष्कर्म किया गया और फिर उसे मौत के घाट उतार दिया गया।
जंगल में मिला शव, शरीर पर चोट के निशान
सूचना पर पहुंची पुलिस को जंगल से महिला का शव बरामद हुआ। शरीर पर कई खरोंच और चोट के गहरे निशान थे, जिससे अंदेशा है कि आरोपियों ने महिला को जबरन घसीटते हुए जंगल तक ले जाया। घटनास्थल से महिला का मोबाइल फोन भी मिला, जो फ्लाइट मोड में था।
ग्रामीणों और CPI का आक्रोश
घटना के बाद ग्रामीणों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं। उनका कहना है कि CRPF कैंप के नजदीक इस तरह की वारदात होना बेहद शर्मनाक है। वहीं CPI के जिला सचिव और जिला पंचायत सदस्य जीतेन्द्र सोरी ने घटना की निंदा करते हुए चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह में आरोपी गिरफ्तार नहीं किए गए तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।
पुलिस जांच में जुटी
पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच तेज कर दी है। फिलहाल आरोपियों की तलाश की जा रही है।